यमुनानगर:फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 09 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी कंपनी और नकली ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों को भारी मुनाफे का झांसा देकर तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि हड़प ली गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में यमुनानगर निवासी अजय शर्मा और जितेंद्र पराशर ने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात यमुनानगर निवासी अमित खेडा से हुई। जिन्होंने खुद को विदेशी मुद्रा व्यापार का विशेषज्ञ बताते हुए निवेश पर असामान्य लाभ का दावा किया।

इसके लिए बीएफएक्स प्रोऔर ट्रेड मास्टर नाइननामक प्लेटफॉर्म का उपयोग किया गया, जिसमें निवेश की राशि को कई गुना बढ़ाकर दिखाया जाता था। आरोप है कि विश्वास जीतने के लिए शुरुआत में कुछ निवेशकों को सीमित भुगतान भी किया गया, जबकि बाद में अधिक धनराशि जमा करवाई गई। निवेशकों को आरटीजीएस, नकद, यूपीआई और क्रिप्टो माध्यमों से अलग-अलग खातों में पैसे भेजने के लिए प्रेरित किया गया।शिकायतकर्ताओं ने बताया कि आरोपियों ने रिश्तेदारों और परिचितों को भी इस योजना में जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 के बाद अधिकांश निवेशकों को भुगतान बंद कर दिया गया। बार-बार मांग करने पर टालमटोल की गई और तकनीकी प्रक्रियाओं का हवाला दिया गया। बाद में एक बैठक में किस्तों में राशि लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा की निगरानी में जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story