यमुनानगर:कलेसर के जंगलों में खैर के पेड़ों की हुई अवैध कटाई

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:कलेसर के जंगलों में खैर के पेड़ों की हुई अवैध कटाई


यमुनानगर, 05 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर के कलेसर वन क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे एक वाहन को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वाहन सहित फरार होने में सफल रहे। वन विभाग ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान एक युवक ने मोटरसाइकिल से सरकारी वाहन का रास्ता रोककर अपने साथियों को भागने का अवसर दिया।

मामले में प्रतापनगर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन्यजीव निरीक्षक राजबीर के अनुसार, कुछ दिन पहले डाडापुर बीट के अंतर्गत गांव चिक्कन के समीप छह खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला दर्ज किया गया था। विभागीय जांच के दौरान सूचना मिली कि इस लकड़ी को गांव के एक मकान में छिपाकर रखा गया है और बाद में उसे कार के जरिए बेचने के लिए ले जाया जाएगा।

सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। टीम ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से लेकर मौके से निकल गया। इसके बाद सरकारी वाहन से उसका पीछा किया गया।

वन विभाग का आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान एक आरोपी मोटरसाइकिल लेकर सरकारी वाहन के सामने आ गया और जानबूझकर रास्ता बाधित किया, जिससे लकड़ी से भरी कार फरार हो गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने वन कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गांव में आने पर जान से मारने की धमकी दी। वन विभाग की शिकायत पर प्रतापनगर थाना पुलिस ने असलम, मुरसलीन और जाकिर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story