नूंह: गांवों में अपराध और नशे के नेटवर्क पर कसेगा पुलिस का शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: गांवों में अपराध और नशे के नेटवर्क पर कसेगा पुलिस का शिकंजा


नूंह, 05 नवंबर (हि.स.)। नूंह सदर थाना क्षेत्र के गांवों को अपराध, नशा और असामाजिक गतिविधियों से मुक्त बनाने के लिए थाना प्रभारी सुभाषचंद ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत उन्होंने पहली बार क्षेत्र के सभी गांवों के सरपंचों और मौजिज लोगों को एक मंच पर बुलाकर अपराधमुक्त गांव बनाने की दिशा में सामूहिक रणनीति तैयार की। थाना प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गोहत्या, गोतस्करी, नशा तस्करी, साइबर अपराध, ठगी और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सरपंचों ने पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

थाना प्रभारी सुभाषचंद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गांवों में किसी भी प्रकार का अपराध, अवैध गतिविधि और असामाजिक कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को पनपने से पहले ही रोकना है। इसके लिए गांवों के सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदार नागरिकों को पुलिस के साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांवों में होने वाले सभी प्रकार के अनैतिक कार्यों पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से काम करेगी और शिकायत या सूचना मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सुभाषचंद ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। सरपंच अपने गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और गोहत्या, गोतस्करी, नशे की बिक्री तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी प्रकार का सामाजिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

बैठक में एडिशनल थाना प्रभारी सत्यनारायण, पीएसआई सचिन, एएसआई नरेंद्र, एएसआई विजय कुमार, एएसआई अजीत सिंह, दीवान बुधराम सिंह सहित नूंह जिला सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रफीक हथौड़ी, इमरान सरपंच अडबर, अंतराम खटाना सरपंच खेड़ली दौसा, संजय सरपंच बैंसी, वसीम सरपंच चंदेनी, इमरान सरपंच फिरोजपुर नमक, आमिर सरपंच बीबीपुर, रफाकत सरपंच रेहना, अरशद सरपंच मछरौली सहित विभिन्न गांवों के सरपंच और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story