सिरसा: नशा बेचने वालों का करें सामाजिक बहिष्कार: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नशा बेचने वालों का करें सामाजिक बहिष्कार: एसपी


सिरसा: नशा बेचने वालों का करें सामाजिक बहिष्कार: एसपी


सिरसा, 22 अगस्त (हि.स.)। सिरसा के एसपी दीपक सहारन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं। खेल, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढक़र अपने भविष्य को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अगर नशे के खिलाफ हुंकार भर दे तो वह दिन दूर नहीं, जब सिरसा पूरी तरह नशा मुक्त होगा। नशा बेचने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। नशे को छोडक़र स्वच्छ और स्वस्थ जीवन से नाता जोडऩा ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का रास्ता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार या मोहल्ले में कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। पुलिस प्रशासन नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। एसपी शनिवार को सिरसा में सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा नशे के खिलाफ निकाली गई पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे।

एसपी ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने कहा कि अभी भी कुछ लोग मेडिकल नशे को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर भी पुलिस की नजर है। उन्होंने मेडिकल या अन्य प्रकार का नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने की अपील की, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

एसपी ने कहा कि सिरसा में उनके कार्यकाल के दौरान करीब 750 नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का जहर बेचकर युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संगठनों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अन्य संगठन भी इससे प्रेरणा लेकर अपने-अपने गांवों और शहरों को नशा मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज मिलकर ही नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं, जिला पुलिस अपने स्तर पर हर घर नशामुक्त संदेश पंहुचाकर युवाओं एवं आमजन को जागरुक कर रही है ।

पदयात्रा में बाबा भूमन शाह के बाबा ब्रह्मदास महाराज, नशा मुक्ति सेना के संस्थापक भवानी सिंह, साध्वी राजेश्वरी सहित सभी वक्ताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए युवाओं को संकल्प लेना होगा, तभी हम नशा मुक्त समाज की कल्पना कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story