हरियाणा:सभी स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों में बनेगा फ्लू कॉर्नर

WhatsApp Channel Join Now

-गंभीर मरीजों के लिए वेंटिलेटर तक तैयार

चंडीगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। आगामी इन्फ्लूएंजा (फ्लू) सीजन से पहले हरियाणा सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देश पर प्रदेशभर में सभी जिलों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण सामग्री और क्रिटिकल केयर संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सोमवार को कहा कि महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा की ओर से प्रदेश के सभी सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेजों के निदेशकों को विस्तृत एडवाइजरी जारी कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में विशेष फ्लू कॉर्नर सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश और फ्लू जैसे लक्षणों के साथ पहुंचने वाले मरीजों की यहां प्राथमिक स्तर पर स्क्रीनिंग की जाएगी। इससे संभावित संक्रमित मरीजों की जल्द पहचान कर समय पर जांच और उपचार शुरू किया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन्फ्लूएंजा की निगरानी और जांच व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों वाले मरीजों की जांच सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इन्फ्लूएंजा की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए निजी अस्पतालों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का भी सहयोग लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story