जींद : शहीद कैप्टन पवन के शौर्य एवं बलिदान को सलाम : डा. राजेश बंसल

WhatsApp Channel Join Now
जींद : शहीद कैप्टन पवन के शौर्य एवं बलिदान को सलाम : डा. राजेश बंसल


जींद, 21 फ़रवरी (हि.स.)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में शहीद कैप्टन पवन की पुण्यतिथि के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. राजेश बंसल ने शनिवार को कहा कि शहीद कैप्टन पवन खटकड़ का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर यह सिद्ध किया कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नही होती बल्कि उसे कर्म और त्याग से सिद्ध किया जाता है। उनका अदम्य साहस, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा हर युवा के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में युवाओं के सामने अनेक चुनौतियां हैं। परंतु यदि वे शहीदों के जीवन मूल्यों को अपनाएं ृजैसे ईमानदारी, समर्पण, परिश्रम और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखनाकृतो वे न केवल अपने परिवार और समाज बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा सकते हैं। विश्वविद्यालय परिवार का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों की भावना को सुदृढ़ करे। यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कुलगुरु के ओएसडी डा. विजय कुमार ने कहा कि शहीदों के बलिदान का पूरा राष्ट्र ऋणी है। कैप्टन पवन खटकड़ ने जिस वीरता, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया वह आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि जब राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान की बात आती है तो व्यक्तिगत सुख, सुविधाएं छोड़ कर अपना सर्वस्व न्योछावर कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैप्टन पवन खटकड़ का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story