हिसार में छीना-झपटी के दोषी को पांच साल की कठोर कैद

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में छीना-झपटी के दोषी को पांच साल की कठोर कैद


25 हजार रुपये जुर्माना, पीड़ित को मुआवजा दिलाने के निर्देश

हिसार, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक की अदालत ने छीना-झपटी

के साढ़े तीन साल पुराने मामले में दोषी सुरेंद्र को पांच साल की कठोर कैद की सजा सुनाई

है। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने

पर उसे छह महीने की अतिरिक्त साधारण कैद भुगतनी होगी।

अदालत ने शुक्रवार को सुनाए अपने

फैसले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव को पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलाने

की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं। अदालत में चले मामले के अनुसार घटना 27 जून 2023 की रात करीब साढ़े नौ बजे

की है। कोथ खुर्द गांव के पास मुकेश का वाहन खराब हो गया था और वह सड़क किनारे खड़ा

था। इसी दौरान सुरेंद्र ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उससे 10,500 रुपये और मोबाइल

फोन छीन लिया था। शिकायत के आधार पर नारनौंद थाना पुलिस ने 28 जून 2023 को आरोपियों

के खिलाफ धारा 379ए और 34 के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में शामिल दूसरे आरोपी

की मौत हो चुकी है, जिसके चलते उसके खिलाफ अदालती कार्रवाई समाप्त कर दी गई।

सजा पर सुनवाई के दौरान दोषी सुरेंद्र ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की।

उसने कहा कि वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। बुजुर्ग मां, पत्नी और बच्चों की

जिम्मेदारी भी उसी पर है। वहीं, सरकारी वकील ने दोषी के प्रति सख्त रुख अपनाने की मांग

करते हुए अदालत को बताया कि सुरेंद्र के खिलाफ इस मामले के अलावा पांच अन्य आपराधिक

मामले भी दर्ज हैं। इनमें से दो मामलों में उसे पहले ही सजा हो चुकी है।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि छीनी गई साढ़े 10 हजार रुपये की रकम में से

दोषी के कब्जे से केवल 4,300 रुपये ही बरामद हुए थे, जबकि पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद

नहीं हो सका। सभी तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद अदालत ने सुरेंद्र को

पांच साल की कठोर कैद और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। साथ ही पीड़ित को नियमानुसार

मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story