जींद : ऑनलाइन गेमिंग व निवेश के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
जींद, 30 मई (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित के कब्जे से पुलिस ने पांच हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है। पुलिस आरोपित से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले में दो आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
साइबर क्राइम थाना के प्रभारी जगदीप सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि सफीदों निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह ड्रीम इलेवन पर क्रिकेट टीम बनाकर गेम खेलता था। इसी दौरान उसके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति द्वारा कॉल कर स्वयं को ड्रीम इलेवन कंपनी का कर्मचारी बताया गया तथा टीम बना कर अधिक मुनाफा करवाने का झांसा दिया गया। जिसमें उन्होंने व्हाट्सअप पर फर्जी कार्यालय, टीम निर्माण व अन्य स्क्रीन शॉट भेजे तथा अलग-अलग बहानों से विभिन्न यूपीआई आईडी व बैंक खातों में कुल एक लाख 78 हजार 480 रुपये ट्रांसफर करवाए। जब उन्होंने लगातार अन्य चार्ज के नाम पर पैसे मांगे जाने लगे तो उसे ठगी का अहसास हुआ।
जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में भरतपुर (राजस्थान) निवासी जसवंत का नाम सामने आया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जसवंत ने पूछताछ में फिरोजपुर (पंजाब) निवासी राजकुमार का नाम बताया था। जिस पर साइबर थाना टीम ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर राजकुमार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 40 हजार रुपये बरामद किए थे। दोनों आरोपितों की पूछताछ में गांव धारणा फिरोजपुर (पंजाब) निवासी तरसेन का नाम सामने आया। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तरसेन को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हजार रुपये बरामद किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

