सिरसा: लाखों की हेरोइन बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: लाखों की हेरोइन बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 09 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो सिरसा यूनिट के इंचार्ज बनवारी लाल ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम हिसार रोड क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव भावदीन निवासी प्रभजीत सिंह हेरोइन बेचने की फिराक में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी लेने पर कार से 58 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप कुमार व पलविंद्र सिंह के रूप में हुई। डबवाली पुलिस ने गांव अलीकां क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब सात ग्राम हेरोइन पकड़ी है। तस्कर की पहचान जगवीर सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने गांव देसूजोधा क्षेत्र से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान अरमान सिंह के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story