सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन सहित पांच नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 06 मई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला क्षेत्र से पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन व एक कार तथा दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी हरदीप सिंह, खुशदीप सिंह, देवेंद्र कुमार, सुखबीर सिंह व सोनू कुमार के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम प्रभारी राधेश्याम ने बुधवार को बताया कि पुलिस गश्त के दौरान अनाज मंडी रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान सामने से एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके अलावा एएनसी स्टाफ डबवाली पुलिस ने गांव मसीतां क्षेत्र से कार सवार दो आरोपियों खुशदीप सिंह व देवेंद्र कुमार को सात ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। सीआईए कालांवाली पुलिस ने गांव सालम खेड़ा क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार युवक सुखबीर सिंह को दस ग्राम हरोइन सहित दबोचा है। सीआईए कालांवाली पुलिस की एक अन्य टीम ने गांव कालांवाली क्षेत्र से बाइक सवार सोनू कुमार को छह ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

