जींद : मोबाइल हैक कर कोर्ट कर्मी के खाते से उडा़ए साढ़े पचास हजार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : मोबाइल हैक कर कोर्ट कर्मी के खाते से उडा़ए साढ़े पचास हजार


जींद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने कोर्ट कर्मी के बैंक खाते से पचास हजार 353 रुपये गायब होने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायकर्ता का आरोप है कि उसने न तो किसी के साथ ओटीपी शेयर किया और न ही कोई लिंक क्लिक किया। इसके बाद भी उसके खाते से राशि गायब हो गई। किसी व्यक्ति ने उसके मोबाइल फोन को हैक किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राम कालोनी निवासी राजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कोर्ट में डयूटीरत है। उसकी पीएनबी बैंक में खाता है। जिसके साथ उसका मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ है। गत 28 सितंबर को उसके फोन पर 353 रुपये कटने का संदेश आया। जिसमें फोन पे से किसी का मोबाइल रिर्चाज किया गया था। गत एक अक्टूबर को उसकी सैलरी आई तो उसी दिन पचास हजार रुपये यूपीआईडी से कटने का संदेश आया। जबकि उसने न तो किसी के साथ ओटीपी शेयर किया और न ही कोई लिंक क्लिक किया। बावजूद इसके उसके खाते से राशि गायब हो गई। राजीव ने आरोप लगाया किसी व्यक्ति ने उसके मोबाइल फोन को हैक किया है। साइबर थाना पुलिस ने राजीव की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि खाते से राशि गायब होने की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story