कांग्रेस कार्यालय पर फायरिंग बेहद चिंताजनक, कानून व्यवस्था बिगड़ी:हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस कार्यालय पर फायरिंग बेहद चिंताजनक, कानून व्यवस्था बिगड़ी:हुड्डा


रोहतक, 21 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज विधायक बलराम सिंह दांगी के कांग्रेस कार्यालय का निरीक्षण किया। हुड्डा ने कांग्रेस कार्यालय पर हुई फायरिंग को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि दांगी परिवार इलाके में संघर्ष का प्रतीक है। उनकी सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। सरकार को तुरंत उन्हें विशेष सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए तथा जिन लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है, उन्हें सजा सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस मौके पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के महम कांग्रेस कार्यालय पर हुई फायरिंग प्रदेश की जर्जर हो चुकी कानून-व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। फायरिंग, फिरौती, लूट, डकैती, हत्या, बलात्कार जैसी वारदातें इतनी आम हो गई हैं कि ये अब हरियाणा की जनता की दिनचर्या का हिस्सा बन गई हैं। हरियाणा में संगठित अपराध इस कदर बढ़ गया है कि आज प्रदेश में 50 से 60 गैंग सक्रिय हैं, जो न सिर्फ वारदातों को अंजाम देते हैं बल्कि नाम लेकर उनकी जिम्मेदारी भी लेते हैं। यानी उनके दिल में कानून का कोई भय नहीं है।

यही वजह है कि केंद्र सरकार द्वारा जारी सामाजिक प्रगति सूचकांक में हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया गया है। व्यापारी, कारोबारी, कर्मचारी, अधिकारी से लेकर राजनीतिज्ञ तक आज हर व्यक्ति खुद को असुरक्षित महसूस करता है। मुख्यमंत्री तो पगड़ी बाँधकर रोज पंजाब में निकल जाते है। सरकार का हरियाणा पर अब कोई फोकस नही है। इसलिए कहता हूं यह सरकार नॉन परफोर्मिंग सरकार है। हमने विकास के पैमाने पर नंबर एक बनाया था। आज केंद्र सरकार की रिपोर्ट्स में 14 वे नंबर पर पहुंच चुका है। आज बेरोजगारी,स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल स्टेडियम और कानून व्यवस्था में हरियाणा का बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story