सोनीपत: शॉर्ट सर्किट से छह दुकानों में आग, मेयर ने लिया नुकसान का जायजा
सोनीपत, 30 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
शहर के व्यस्त कच्चे क्वार्टर बाजार की झंडी रोड पर रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक
दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास की छह दुकानों तक फैल गई। आग लगने से
बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सब फायर
ऑफिसर विनोद कुमार ने बताया कि कच्चे क्वार्टर में एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली
थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम को मौके पर भेजा गया। आग तेजी से फैल रही थी और आसपास
की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गई थीं। दमकल कर्मियों ने पांच गाड़ियों की मदद से आग
पर काबू पाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा
है। हालांकि आग लगने के सही कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
आग की
चपेट में फिरोज व अब्दुल्ला हैंडलूम, पूनम अमरदीप लेडीज सूट, हर्षा कॉस्मेटिक, नदीप
मिस्त्री की मशीनरी और एमएस गारमेंट्स सहित अन्य दुकानें आईं। जिस दुकान से आग शुरू
हुई, उसमें कंबल रखे हुए थे। आग के कारण दुकानों में रखा सामान जलने से लाखों रुपये
के नुकसान की आशंका है। नुकसान का सही आंकड़ा जांच और आकलन के बाद सामने आएगा।
सूचना
मिलते ही नगर निगम के मेयर राजीव जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा
लिया और प्रभावित दुकानदारों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली। मेयर ने दुकानदारों
को हरसंभव मदद और सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित
दुकानदारों को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आसपास के दुकानदारों और
स्थानीय लोगों से भी पीड़ित दुकानदारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
राजीव
जैन ने जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों से हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड में अपना
पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि बोर्ड के माध्यम से व्यापारियों के लिए
पांच लाख रुपये तक का व्यक्तिगत बीमा और 25 लाख रुपये तक के सामान का बीमा कराया जाता
है। इससे आगजनी या अन्य आपदा में होने वाले नुकसान की भरपाई में मदद मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

