पानीपत: कूरियर कंपनी के गोदाम में लगी भयंकर आग,सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: कूरियर कंपनी के गोदाम में लगी भयंकर आग,सामान जलकर राख


पानीपत, 18 जून (हि.स.)। पानीपत के शिव नगर में एक कूरियर कंपनी के गाेदाम में गुरुवार को आग लगने से लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया। ऐसे में दमकल की गाड़ियों के आने से पहले ही पड़ोसी फैक्ट्री मालिक ने अपना फायर सिस्टम आग बुझाने के लिए दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों और कंपनी कर्मचारियों के अनुसार, कूरियर कंपनी के परिसर में कुछ मरम्मत और वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग मशीन से अचानक एक जोरदार चिंगारी उठी और पास में पड़े ज्वलनशील व कूरियर के सामान पर जा गिरी। कूरियर कंपनी होने के कारण वहां भारी मात्रा में गत्ते के डिब्बे, प्लास्टिक और अन्य सामान रखा था, जिसने तुरंत आग पकड़ ली। शुरुआत में कंपनी के मालिकों और वहां मौजूद कर्मचारियों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि उन पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।

आग को लगातार बढ़ता और दूसरी इमारतों की तरफ फैलता देख पास की फैक्ट्री संचालक ने बिना समय गंवाए अपनी फैक्ट्री में लगे अत्याधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम के पाइप कूरियर कंपनी की तरफ बढ़ा दिए। वहीं, अपनी फैक्ट्री के सभी कर्मचारियों को भी आग बुझाने के लिए लगा दिया। कर्मचारियों ने आग को ज्यादा फैलने से रोक तो लिया लेकिन आग इतनी भयंकर थी काबू नहीं किया जा सका। तुरंत मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story