कैथल: बंद दुकान में आग से पांच लाख का सामान राख, ई-रिक्शा व तीन रेहड़ियां भी जली
कैथल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। अमरगढ़ गामड़ी में शनिवार तड़के एक बंद दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से दुकान में खड़ी ई-रिक्शा, फल से लदी तीन रेहड़ियां, सेब की पेटियां और अन्य सामान भी नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार ने करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।गांव नंदकरण माजरा निवासी रणधीर सिंह अमरगढ़ गामड़ी में फल बेचने का काम करते हैं। शनिवार सुबह उनकी दुकान बंद थी। इसी दौरान दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने आग देखकर दुकानदार को फोन किया और घटना की जानकारी दी। रणधीर सिंह ने तुरंत पड़ोसी दुकानदारों को दुकान का ताला तोड़ने के लिए कहा। इसके बाद लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी।सेब की पेटियां, रेहड़ियां और ई-रिक्शा भी जलीदुकानदार रणधीर सिंह के अनुसार, दुकान में सेब की काफी पेटियां रखी हुई थीं। इसके अलावा फल बेचने के लिए इस्तेमाल होने वाली तीन रेहड़ियां भी दुकान में खड़ी थीं, जिन पर सेब लदे हुए थे। दुकान में बारदाना, फल तौलने के कांटे और एक कूलर भी रखा हुआ था। आग ने देखते ही देखते पूरे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर खड़ी ई-रिक्शा भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। रणधीर सिंह ने बताया कि आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसी दुकान के कामकाज से पांच से छह लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ था। ऐसे में आगजनी से परिवार की कमाई के साथ-साथ अन्य लोगों के रोजगार पर भी असर पड़ने की आशंका है। दमकल केंद्र के स्टेशन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। टीम ने प्रयास करके आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

