सोनीपत: खाली प्लॉट में भीषण आग पांच बाइक-रिक्शा, झोपड़ियां जली

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: खाली प्लॉट में भीषण आग पांच बाइक-रिक्शा, झोपड़ियां जली


सोनीपत, 09 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

शहर के हनुमान नगर स्थित एक खाली प्लॉट में अचानक आग लगने से क्षेत्र में गुरुवार को

अफरा-तफरी मच गई। प्लॉट में रह रहे श्रमिक परिवारों की झोपड़ियां, घरेलू सामान और खड़ी

बाइक-रिक्शा देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके

में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में दहशत फैल गई।

प्रारंभ

में मामूली दिखने वाली आग कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर गई। घटना के समय प्लॉट

में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस प्लॉट में कई मजदूर परिवार

झोपड़ियां बनाकर रहते थे और कूड़ा बीनकर अपना गुजर-बसर करते थे। आग की चपेट में आकर

यहां खड़ी पांच बाइक-रिक्शा पूरी तरह जलकर खत्म हो गईं। झोपड़ियों में रखा कपड़ा, बर्तन,

राशन सहित अन्य जरूरी सामान भी नष्ट हो गया, जिससे गरीब परिवारों को लाखों रुपये का

नुकसान हुआ।

आग की

लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर

जुट गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों पर काबू पाना संभव नहीं

हो सका। इस दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।

घटना

के दौरान प्लॉट में रखे कई एलपीजी गैस सिलेंडरों ने खतरा और बढ़ा दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी

मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित

दूरी पर हटाया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। दमकल अधिकारी विनोद कुमार के अनुसार

कंट्रोल कक्ष से सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आग लगने

का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story