पानीपत: ड्यूटी में कोताही बरतने वाले बीएलओ पर होगी एफआईआर
पानीपत, 20 जून (हि.स.)। मतदाता सूचियाें के विशेष गहन पुनरीक्षण को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे की अध्यक्षता में नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षदों, अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी, पारदर्शी और जन सहभागिता आधारित बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए एडीसी ने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक व्यवस्था की जमीनी कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल फार्म वितरित करने तक सीमित नहीं है बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर सही जानकारी एकत्रित करना और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों का वितरण करें तथा पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई बीएलओ अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतता है या जानबूझकर कार्य में कोताही करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों के निलंबन के साथ-साथ आवश्यक होने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। इस अवसर पर बैठक में नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सतीश वत्स, डीआरओ कलब लाकड़ा, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र, कानूनगो महेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

