यमुनानगर:फाइनेंसर हत्याकांड में आडियाे वायरल, पूर्व विधायक व करीबियों को धमकी

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:फाइनेंसर हत्याकांड में आडियाे वायरल, पूर्व विधायक व करीबियों को धमकी


यमुनानगर:फाइनेंसर हत्याकांड में आडियाे वायरल, पूर्व विधायक व करीबियों को धमकी


यमुनानगर, 08 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर के मॉडल टाउन में बीती तीन सितंबर को फाइनेंसर हरभजन सिंह की हत्या के बाद सामने आए एक कथित ऑडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। रिकॉर्डिंग में शुभम पंडित, काला राणा और रोहित गोदारा ग्रुप का नाम लेते हुए पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के करीबियों को धमकी देने और हरभजन सिंह की हत्या को लेकर कई दावे किए गए हैं। ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कथित रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति दावा करता है कि हरभजन सिंह पूर्व विधायक के पास बैठकर उसके बारे में गलत बातें करता था और इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया। रिकॉर्डिंग में दिलबाग सिंह और उनके भाई राजे के साथ रहने वाले लोगों को भी धमकी दी गई है। व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि उसके पास संबंधित लोगों की सूची है और आने वाले समय में उन्हें निशाना बनाया जाएगा। ऑडियो में कई बार जान से मारने की धमकी देने के साथ अगली कार्रवाई में 50 गोलियां चलाने जैसी बातें कही गई हैं।

प्रशासन को प्रभावित करने के लिए पैसे देने, जमीन विवाद और करीब एक दशक पुराने विवादों समेत कई आरोप भी रिकॉर्डिंग में लगाए गए हैं। इन दावों की भी पुष्टि नहीं हुई है। हरभजन सिंह की तीन सितंबर की सुबह जिम से निकलते समय बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे। मृतक के बेटे ने पुलिस को दिए बयान में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के साथ पारिवारिक संबंधों और कथित पुरानी रंजिश का उल्लेख किया था।

परिवार ने शहर के एक टायर शोरूम संचालक के साथ करीब 10 साल पुराने विवाद का भी जिक्र किया है, जो अदालत में विचाराधीन बताया गया है। पुलिस कथित ऑडियो की आवाज और उसमें किए गए दावों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्डिंग की सत्यता और हत्या से उसके संबंध की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story