हिसार में रोडवेज अधिकारियों ने हाईकोर्ट की रोक के बावजूद कटवा डाले लाखों के पेड़

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में रोडवेज अधिकारियों ने हाईकोर्ट की रोक के बावजूद कटवा डाले लाखों के पेड़


86 पेड़ काटे गए, 141 नए पौधे उखाड़े, लकड़ी खुर्द-बुर्द करके सरकार को पहुंचाई

वित्तीय हानि

सीएम फ्लाइंग का रोडवेज कार्यशाला में छापा, बिना अनुमति कटवा डाले पेड़

हिसार, 26 जून (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा पेड़ों की कटाई

पर लगाई गई रोक के बावजूद हिसार रोडवेज कार्यशाला में बड़ी संख्या में पेड़ों की अवैध

कटाई का मामला सामने आया है। इस संबंध में मिली शिकायत के बाद सीएम फ्लाइंग हिसार टीम

ने शुक्रवार को कार्यशाला में छापेमारी करके जांच की। जांच के दौरान 86 पेड़ों की कटाई

तथा 141 नए पौधों को उखाड़े जाने के साक्ष्य मिले।

प्रारंभिक जांच में पेड़ों की लकड़ी

को खुर्द-बुर्द किए जाने और सरकार को वित्तीय नुकसान पहुंचाने के भी तथ्य सामने आए

हैं। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया

कि टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा राज्य परिवहन हिसार की कार्यशाला में पंजाब एवं

हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा पेड़ों की कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद बड़ी संख्या में

पेड़ काटे जा रहे हैं तथा उनकी लकड़ी को खुर्द-बुर्द कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया

जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की।

निरीक्षण के दौरान कार्यशाला परिसर में 86 पेड़ों के कटे हुए ठूंठ (जड़ें)

पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि पेड़ों की कटाई की गई है। इसके अलावा परिसर में लगाए गए

141 पोल साइज के नए पौधे भी उखाड़े हुए मिले। जांच में यह भी सामने आया कि काटे गए

पेड़ों की लकड़ी का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था तथा उसे खुर्द-बुर्द कर दिया गया। संबंधित

ठेकेदार द्वारा लकड़ी का मूल्य भी रोडवेज विभाग के खाते में जमा नहीं करवाया गया, जिससे

सरकार को वित्तीय हानि होने की आशंका व्यक्त की गई है। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट

के आदेशों के अनुसार बिना अनुमति किसी भी प्रकार के पेड़ों की कटाई पूरी तरह प्रतिबंधित

है। यदि कोई सरकारी या निजी संस्था इन आदेशों की अवहेलना करती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार

सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर

है और अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story