सिरसा जेल में बंदियों और कर्मचारियों में झगड़ा, छह के खिलाफ केस दर्ज
सिरसा, 10 सितंबर (हि.स.)। सिरसा जिला जेल में बंदियों और कर्मचारियों के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी और धक्का-मुक्की के बीच एक कर्मचारी की वर्दी फाड़ दी गई। आरोप है कि कुछ बंदियों ने जेल कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। शिकायत पर छह बंदियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जिला जेल में बुधवार रात को बंदियों को बैरक में भेजने के दौरान यह मामला हुआ। जेल कर्मचारी दिलबाग सिंह और विनोद ड्यूटी पर थे।
कुछ बंदियों की कर्मचारियों के साथ कहासुनी हो गई। मामला धक्का मुक्की तक पहुंच गया। धक्का-मुक्की के बीच एक जेल कर्मचारी की वर्दी फट गई। बीच बचाव कर मामला एक बार शांत हो गया।
डीएसपी जेल की शिकायत पर छह बंदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में बताया गया है कि बंदी बलजीत सिंह व पवन कुमार ने जेल कर्मचारियों के साथ बहसबाजी की और बाद में अन्य बंदियों के साथ मिलकर उनके साथ झगड़ा किया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैंं, जो चोरी, छीना-झपटी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं। हुडा चौकी प्रभारी ने बताया कि जेल में कर्मचारियों के साथ झगड़े का मामला आया है और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

