पलवल में चरस के साथ हिमाचल निवासी महिला तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 24 मार्च (हि.स.)। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए (एवीटी) टीम हथीन ने पलवल बस स्टैंड के पास से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद की है। सीआईए प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 23 मार्च को एएसआई विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड के पास एक महिला संदिग्ध हालत में नशीला पदार्थ लेकर खड़ी है। सूचना के आधार पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को काबू कर लिया।

पूछताछ में महिला की पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू निवासी नारोती देवी के रूप में हुई। कानूनी प्रक्रिया के तहत महिला को उसके अधिकारों से अवगत कराया गया और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। डीएसपी साहिल ढिल्लों की उपस्थिति में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी के दौरान उसके पास से टेप में लिपटा पैकेट बरामद हुआ, जिसमें नौ पोटलियों में चरस मिली।

इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर चरस का कुल वजन दो किलो 216 ग्राम पाया गया। इसके अलावा महिला के पास से 6020 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आरोपी महिला के खिलाफ शहर थाना पलवल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच ईएसआई हकमुद्दीन को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story