पानीपत: आर्य पीजी कॉलेज के वार्षिक समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान
पानीपत, 02 मई (हि.स.)। पानीपत स्थित आर्य पीजी कॉलेज में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पानीपत के उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में वर्षभर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले लगभग 850 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि, उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने अपने संबोधन में कहा कि आर्य महाविद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए महाविद्यालय प्रबंधक समिति, प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता एवं समस्त स्टाफ सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ना चाहिए तथा जीवन में स्थापित मूल्यों एवं अनुशासन का पालन करते हुए श्रेष्ठता प्राप्त करने का सतत प्रयास करना चाहिए। पानीपत के को-ऑपरेटिव बैंक के सीएमडी ओपी शर्मा व कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के अधिकारी डॉ. हरविंद्र राणा ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल आधारित शिक्षा तथा नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नीति शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, रोजगारोन्मुख एवं आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेलकूद के क्षेत्र में महाविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत करवाया। इस अवसर पर प्रबंधक समिति के सदस्य निखिल शिंगला, अरूण आर्य,प्रदीप शिंगला, पानीपत जिले के शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा व महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं गैर शिक्षक वर्ग के सभी सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

