फरीदाबाद में फिल्म एक्टर अनिल कपूर के दामाद की कंपनी में प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद में फिल्म एक्टर अनिल कपूर के दामाद की कंपनी में प्रदर्शन


फरीदाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के दामाद आनन्द आहूजा की सेक्टर-28 स्थित शाही एक्सपोर्ट कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने शनिवार दूसरे दिन भी अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि पहले उनके 20 प्रतिशत बोनस दिया जाता था लेकिन अब उसको घटाकर 8 प्रतिशत किया गया है। कंपनी अपने फायदे के लिए उनके पैसों की कटौती कर रही है। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच बोनस में इस तरह की कमी उनके परिवार के बजट पर सीधा असर डाल रही है। उनका आरोप है कि कंपनी अपने आर्थिक हितों को प्राथमिकता देते हुए कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। कर्मचारियों ने बोनस की पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग दोहराई। कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी संतोष और रचना ने बताया कि वे कई वर्षों से सिलाई विभाग में काम कर रही हैं। उनके अनुसार, कोरोना महामारी के बाद से बोनस में लगातार कटौती की जा रही है। पहले उन्हें 20 प्रतिशत बोनस मिलता था, लेकिन अब यह घटकर केवल 8 प्रतिशत रह गया है। उनका कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों और महंगाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन और सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि निचले स्तर के कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ कम किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि बोनस घटाने का प्रस्ताव पहले भी कर्मचारियों के सामने रखा गया था, जिसका उस समय भी विरोध किया गया था, लेकिन प्रबंधन ने उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया। कर्मचारियों के एकत्रित होने की सूचना मिलते ही पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद पुलिस ने कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने एक बात नहीं सुनी। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनको पुराना बोनस नहीं दिया जाएगा वह प्रदर्शन करते रहेंगे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story