फरीदाबाद : पति के दुव्र्यवहार से तंग महिला ने तीन बच्चों संग चूहे मारने की दवा निगली

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पति के दुव्र्यवहार से तंग महिला ने तीन बच्चों संग चूहे मारने की दवा निगली


फरीदाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में रविवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ चूहे मारने की दवा निगल ली। तबीयत बिगडऩे पर महिला की बेटी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व तीनों बच्चों को बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को दिल्ली रेफर कर दिया। महिला की बेटी ने आरोप लगाया कि नेवी में तैनात पिता उनके साथ मारपीट करते हैं। पिता मां और उसके चरित्र पर सवाल उठाते हैं। उनकी प्रताडऩा से तंग आकर उन्होंने ये कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला फरीदाबाद के पल्ला क्षेत्र स्थित सूर्या विहार फेस-2 का है। मूल रूप से बिहार का रहने वाला सुनील भारतीय नौसेना में तैनात है। वह पत्नी माला और तीन बच्चों के साथ रहता है। उसकी पोस्टिंग दिल्ली में होने के कारण वह कई-कई दिनों बाद घर आता है। मामला एक प्राइवेट कंपनी की मार्केटिंग विंग में काम करती है। बड़ी बेटी सृष्टि 17 साल की है औश्र 11वीं क्लास में पढ़ती है। 13 साल का राम 8वीं और 11 साल का रुद्र सातवीं क्लास में पढ़ता है। बेटी सृष्टि ने आरोप लगाया कि पिता उसे और उसकी मां को परेशान करते हैं। वह उसके चरित्र पर सवाल उठाते हैं और मां के साथ मारपीट करते हैं। रविवार सुबह वह छत पर बने अपने कमरे में थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसका मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज की। इसके बाद उसने मां को फोन कर बुलाया। आरोप है कि पिता ने मां के साथ भी गाली-गलौज की। सृष्टि ने आगे बताया कि दोपहर में परेशान होकर मां ने चूहे मारने की दवा पी ली और अपने तीनों बच्चों को भी पिला दी। कुछ देर बाद चारों की तबीयत बिगडऩे लगी।इसके बाद सृष्टि ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व तीनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिसकर्मी सुरेश के अनुसार, सूचना मिलने पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला व तीनों बच्चों को बीके अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, अभी तक पल्ला थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story