फरीदाबाद: नवविवाहिता ने फिनाइल पीकर किया आत्महत्या का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद: नवविवाहिता ने फिनाइल पीकर किया आत्महत्या का प्रयास


फरीदाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। शहर के दो नंबर इलाके में ससुराल में मिल रहे तानों और घरेलू झगड़ों से परेशान होकर एक नवविवाहिता ने गुरुवार काे फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। करीब डेढ़ महीने पहले ही युवती की शादी हुई है।

जानकारी के अनुसार इंद्रजीत तीन नंबर इलाके की रहने वाली है। उसकी शादी चार फरवरी को दो नंबर इलाके के रहने वाले राहुल नाम के युवक के साथ दोनों परिवारों की सहमति से बड़े ही धूमधाम के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इंद्रजीत का आरोप है कि शादी के करीब पांच दिन बाद से ही उसका पति राहुल और उसकी सास उसे छोटी-छोटी बातों को लेकर ताने देने लगे और अक्सर झगड़ा करने लगे। खाना बनाने को लेकर भी उसे अक्सर ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। बुधवार शाम इन सभी बातों से परेशान होकर इंद्रजीत ने फिनाइल पी लिया। फिनाइल पीने के बाद उसने अपने माता-पिता को फोन कर इस बारे में जानकारी दी।

सूचना मिलते ही उसके माता-पिता तुरंत उसके ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर इंद्रजीत अपने कमरे में रो रही थी और बार-बार कह रही थी कि उसने फिनाइल पी लिया है। इसके बाद परिजन तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। इंद्रजीत के पिता त्रिलोकचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 4 फरवरी को बड़े ही धूमधाम से की थी और अपनी हैसियत से ज्यादा सामान ससुराल वालों को दिया था। लेकिन शादी के 5-6 दिन बाद से ही उनकी बेटी को परेशान किया जाने लगा था। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले भी ससुराल में झगड़ा हुआ था और बेटी के साथ मारपीट की गई थी। उस समय दोनों परिवारों के लोग बैठकर बातचीत के जरिए मामला शांत करवाया गया था। दो नंबर चौकी इंचार्ज सुदर्शन कुमार ने बताया कि पीडि़त परिवार और नवविवाहिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और परिवार की ओर से शिकायत भी मिल गई है। इस मामले में जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, उसके अनुसार मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story