फरीदाबाद में बच्ची समेत नहर में कूदी महिला, तलाश में जुटी टीमें

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 01 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-56 क्षेत्र से गुजर रही गुरुग्राम कैनाल नहर में एक महिला और उसकी छोटी बच्ची के कूदने की सूचना के बाद सेक्टर-55 पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे तक पुलिस टीम ने लगातार नहर और आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन अभी तक महिला या बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। सेक्टर-55 चौकी इंचार्ज देवदूत ने बताया कि, मंगलवार सुबह एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक महिला अपने बच्चे के साथ नहर में कूद गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। पुलिस ने राहगीर की सूचना को आधार बनाकर नहर में तलाश शुरू की। टीम ने कई घंटे तक लगातार नहर में संभावित स्थानों पर सर्च किया, लेकिन अभी तक किसी के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि नहर में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा सके। पुलिस के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि घटना को लेकर लोगों की ओर से अलग-अलग जानकारी दी जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ नहर में कूदी है, जबकि कुछ लोगों ने बताया कि महिला, बच्ची और एक पुरुष तीनों नहर में कूदे हैं। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नहर में वास्तव में कोई व्यक्ति कूदा है या नहीं और अगर कूदा है तो कितने लोग हैं। पुलिस के अनुसार, अभी तक मौके पर किसी कथित महिला या बच्ची का कोई परिजन भी नहीं पहुंचा है। पुलिस टीम सूचना के आधार पर लगातार तलाश कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है। महिला और बच्ची के नहर में कूदने की सूचना की पूरी सच्चाई तलाश पूरी होने और संबंधित लोगों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story