फरीदाबाद : करंट लगने से हुई महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : करंट लगने से हुई महिला की मौत


फरीदाबाद, 04 अगस्त (हि.स.)। गांव गौंछी में मंगलवार को बारिश के दौरान करंट लगने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला घर में पानी भरने के लिए लगी मोटर चलाने गई थी। मोटर में पाइप लगाते समय वह करंट की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गांव गौंछी निवासी रोशन खातून (30) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारिश के कारण मोटर में करंट आ गया था। जैसे ही रोशन खातून ने मोटर में पाइप लगाया, उसका हाथ मोटर से छू गया और उसे तेज करंट लग गया। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर मौजूद थे। महिला के पति मोहम्मद अरमान एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हादसे के बाद परिजन तुरंत उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही मुजेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मुजेसर थाना प्रभारी पूर्ण सिंह ने बताया कि करंट लगने से महिला की मौत होने की सूचना मिली है । शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story