फरीदाबाद : पत्नी की माैत, शव के पास बैठ विलाप करता रहा पति रामेंद्र
फरीदाबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के कैल गांव में 31 वर्षीय महिला श्रेया सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद पति रामेंद्र उसके शव के पास बैठकर विलाप करता नजर आया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार, श्रेया सिंह मूल रूप से बिहार के छपरा जिले की रहने वाली थी।
वर्ष 2017 में उसकी शादी रामेंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से वह अपने पति के साथ फरीदाबाद के कैल गांव में रह रही थी। दोनों की पांच साल की एक बेटी भी है। श्रेया ग्रेजुएट होने के बाद गृहिणी के रूप में घर संभाल रही थीं। वह अपनी बेटी की पढ़ाई का भी ध्यान रखती थी। रामेंद्र ने बताया कि रविवार देर रात उसकी अपनी पत्नी श्रेया से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद रामेंद्र ने श्रेया से कहा कि वह घर वापस आ रहा है। उस समय उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद उसकी पत्नी की हालत इतनी गंभीर हो जाएगी। रामेंद्र के अनुसार, वह रात करीब तीन बजे अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने पर उसने देखा कि श्रेया बेड पर बेसुध हालत में पड़ी हुई थी, उसकी हालत गंभीर थी और वह काफी धीमी आवाज में बात कर रही थी। रामेंद्र ने जब उससे उसकी हालत के बारे में पूछा तो श्रेया ने बताया कि उसने कुछ खा लिया है। इसके बाद रामेंद्र उसे तुरंत इलाज के लिए बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने श्रेया की जांच की और उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इसके बाद रामेंद्र अपनी पत्नी को सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने श्रेया को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया। कुछ घंटे तक उसका इलाज चला, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार श्रेया की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। थाना पुलिस के एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

