फरीदाबाद : पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर युवक लापता, नहर में तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर युवक लापता, नहर में तलाश जारी


फरीदाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के गांव मवई निवासी 24 वर्षीय युवक अरमान खान शादी के करीब साढ़े नौ महीने बाद मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। लापता होने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपने पिता को भेजा, जिसमें उसने पत्नी पर शक करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने आगरा नहर में कूदने की बात भी कही। इसके बाद उसकी बाइक और मोबाइल फोन कटला पुल के पास नहर किनारे मिले। परिजनों के अनुसार, अरमान जोमैटो में काम करने के साथ बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार सुबह उसने पिता अख्तर खान को वीडियो भेजा। परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। सुबह करीब छह बजे नहर किनारे उसकी बाइक और मोबाइल मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नहर में तलाश शुरू की। अरमान के पिता ने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते पहले भी तीन बार पंचायत हो चुकी थी। करीब एक महीने से अरमान अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती बताई जा रही है। खेड़ी थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी पारिवारिक विवाद हुआ था। पुलिस ने उस समय समझाकर मामला शांत करा दिया था। उन्होंने बताया कि युवक को नहर में कूदते किसी ने नहीं देखा है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश कर रही है। युवक के मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story