फरीदाबाद : पेयजल का दुरुपयोग करने पर 48 लोगों को दिए गए नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पेयजल का दुरुपयोग करने पर 48 लोगों को दिए गए नोटिस


फरीदाबाद, 08 जून (हि.स.)। जल जीवन मिशन के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा गर्मी के मौसम में प्रत्येक घर तक पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को बल्लभगढ़ ब्लॉक के भनकपुर, सिकरोना एवं करनेरा गांवों तथा तिगांव ब्लॉक के मंझावली गांव में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पेयजल को व्यर्थ बहाने, पेयजल से सब्जियां एवं हरा चारा उगाने तथा जल का दुरुपयोग करने वाले लोगों की पहचान कर कुल 48 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए। साथ ही उन्हें भविष्य में पेयजल का दुरुपयोग न करने की चेतावनी दी गई। बल्लभगढ़ ब्लॉक के भनकपुर, सिकरोना एवं करनेरा गांवों में बीआरसी सुमन रानी एवं बिल वितरक प्रदीप द्वारा नोटिस वितरित किए गए, जबकि तिगांव ब्लॉक के मंझावली गांव में बीआरसी सुमन लता द्वारा कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं पेयजल के उचित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। जिला सलाहकार सत्यनारायण नेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि जल संरक्षण तथा भीषण गर्मी में हर घर तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल की बर्बादी और कृषि कार्यों में इसके उपयोग से अन्य उपभोक्ताओं को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए ऐसे मामलों में विभाग द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझें, जल का सदुपयोग करें तथा जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि सभी नागरिकों को निर्बाध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। विभाग द्वारा ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story