फरीदाबाद : जलभराव में लेटकर की दंडवत कांवड़ यात्रा, वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : जलभराव में लेटकर की दंडवत कांवड़ यात्रा, वीडियो वायरल


फरीदाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद में प्रेमानंद महाराज के लिए दंडवत कांवड़ यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बारिश के बाद पानी की निकासी नहीं होने के कारण पृथला की सर्विस रोड पर काफी जलभराव हो गया। इसी दौरान 28 वर्षीय रमन ने जलभराव की परवाह किए बिना दंडवत यात्रा जारी रखी। वह पानी में लेटकर एक-एक कदम आगे बढ़ते हुए अपनी यात्रा पूरी करता नजर आया। रमन का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फरीदाबाद के गांव सरूरपुर के रहने वाले रमन ने दंडवत कांवड़ यात्रा का सफर 22 जून को शुरू किया था। वह करीब 350 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। अभी वह पलवल पहुंच चुके हैं। उसकी इच्छा है कि वृंदावन पहुंचकर वह गंगाजल से प्रेमानंद महाराज का स्नान कराए। रमन ने बताया कि शुरुआत में वह रोज करीब पांच किलोमीटर चलता था, लेकिन अब प्रतिदिन करीब आठ किलोमीटर की दूरी तय कर रहा है। उसके साथ भाई सोनू और कुंदन भी यात्रा कर रहे हैं। तीन अन्य साथी उसके दोस्त हैं। सभी लोग रास्ते में खाना बनाने का सामान अपने साथ लेकर चल रहे हैं। 6 लोगों की टीम उनके साथ हर समय रहती है। करीब तीन साल पहले उसने ऑनलाइन प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुनने शुरू किए। धीरे-धीरे वह उनसे जुड़ता चला गया। वह रोजाना तीन से चार घंटे तक नियमित रूप से उनके प्रवचन सुनता था। जब उसे प्रेमानंद महाराज के खराब स्वास्थ्य के बारे में जानकारी मिली तो उसने उनके लिए दंडवत कांवड़ यात्रा करने का संकल्प लिया। इसके लिए उसने नौकरी छोड़ दी। 21 अप्रैल को जॉर्डन से भारत लौटा। रमन ने दसवीं तक पढ़ाई की है। फरीदाबाद में एक्सपोर्ट कंपनी में काम किया। फिर करीब पांच साल पहले जॉर्डन चला गया। वहां एक्सपोर्ट कंपनी में को-ऑर्डिनेटर की नौकरी की। 45 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन था। परिवार में माता-पिता, चार भाई और एक बहन हैं। वह सबसे छोटा है। उसके पिता बदरपुर बॉर्डर पर सिक्योरिटी गार्ड हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story