फरीदाबाद में जल संकट से निपटने की तैयारी, एफएमडीए ने बनाई दो टीमें

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबद, 26 मई (हि.स.)। फरीदाबाद में लगातार बढ़ रही पेयजल समस्या को देखते हुए प्रशासन अब पानी वितरण व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। सीएम के निर्देशों के बाद नगर निगम और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने सभी क्षेत्रों में समान रूप से पानी पहुंचाने के लिए नया वितरण शेड्यूल तैयार करना शुरू कर दिया है। साथ ही पानी चोरी रोकने के लिए एफएमडीए ने दो विशेष टीमें भी बनाई गई हैं। हाल ही में एनआईटी विधायक सतीश फागना ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात कर शहर में पानी की असमान सप्लाई और लोगों की परेशानियों का मुद्दा उठाया था। शिकायत मिलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर व्यवस्था सुधारने और सभी विधानसभा क्षेत्रों में बराबर पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक जिले में सबसे अधिक पानी की सप्लाई फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र में की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद एनआईटी और बल्लभगढ़ के कई इलाकों में लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक जिले में सबसे अधिक पानी की सप्लाई फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र में की जा रही है, एनआईटी क्षेत्र में करीब 60 एमएलडी पानी की आवश्यकता है, जबकि मौजूदा सप्लाई केवल 26 एमएलडी तक ही पहुंच पा रही है। कमी को देखते हुए निगम ने यहां सबसे ज्यादा पानी के टैंकर लगाए हैं। प्रत्येक वार्ड में लगभग 10 से 15 टैंकर लगाए गए हैं ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 59.5 एमएलडी पानी की जरूरत के मुकाबले लगभग 44 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है। पानी के अवैध कनेक्शनों और चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एफएमडीए ने दो अलग-अलग टीमें बनाई हैं। इससे पहले केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था, जहां अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। इंजीनियरिंग शाखा नई सप्लाई योजना तैयार कर रही है ताकि सभी इलाकों में संतुलित तरीके से पानी पहुंचाया जा सके। वहीं एफएमडीए के मुख्य अभियंता विशाल बंसल ने कहा कि अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई के लिए बनाई गई टीमें जल्द अपनी रिपोर्ट देंगी। उनका कहना है कि पानी चोरी पर रोक लगने से वितरण व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story