अपडेट समाचार--फरीदाबाद : बाउंसर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
अपडेट समाचार--फरीदाबाद : बाउंसर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या


गर्दन पर चाकू से किए वार, तीन साल से था प्रेम प्रसंग

फरीदाबाद, 16 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। दोनों ने युवक की गर्दन पर चाकू से वार किए। वारदात के बाद महिला का प्रेमी फरार हो गया। मृतक की बेटी ने अपने चाचा को फोन कर पिता की तबीयत खराब होने की बात कही। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। दोनों तीन साल से रिलेशन में थे। आरोपी युवक बाउंसर है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव निवासी गोपाल (37) के रूप में हुई है। गोपाल डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। वह श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में किराए के मकान में अकेला रहता था, जबकि उसकी पत्नी काजल अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी। पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले काजल अपनी बेटी शालिनी और दो बेटों को लेकर गोपाल के पास आई थी। काजल पिछले करीब तीन साल से कुंवरपुर गांव के रहने वाले योगेंद्र के संपर्क में थी। योगेंद्र बाउंसर है और साथ में पहलवानी करता है। गुरुवार शाम को गोपाल की पत्नी काजल और तीनों बच्चे मकान में मौजूद थे। गोपाल और काजल एक कमरे में थे, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में थे। गुरुवार शाम को गोपाल की बेटी शालिनी ने अपने पिता के भाई अशोक को फोन किया। उसने गोपाल की तबीयत खराब होने की बात कहकर अशोक को जल्द फरीदाबाद आने के लिए कहा। अशोक परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मकान पर पहुंचा तो गोपाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने गोपाल की पत्नी काजल से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में काजल ने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। काजल ने ही उसे हत्या के लिए गांव से बुलाया था। घटना के बाद योगेंद्र फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, पल्ला थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी शालिनी पर भी संदेह जताया था, लेकिन अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story