(अपडेट समाचार) फरीदाबाद : पानी के गड्ढे में गिरा नौ वर्षीय मासूम,हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट समाचार) फरीदाबाद : पानी के गड्ढे में गिरा नौ वर्षीय मासूम,हालत गंभीर


अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा चौथी कक्षा का छात्र

फरीदाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। स्कूल से दोस्तों के साथ नहाने के लिए पानी के गडढे में कूदे नौ वर्षीय रेहान की हालत गंभीर बनी हुई है। सेक्टर-62 स्थित एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चला है। इलाज कर रहे अस्पताल के डाक्टरों का कहना है कि बच्चे को गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर है। बच्चे की मां असरीन का कहना है कि वह अपने पति को पहले ही खो चुकी है और उसके जीवन का एकमात्र सहारा रेहान बचा है, जो गंभीर स्थिति से जूझ रहा है। गांव शाहपुरा के सरकारी स्कूल की प्राइमरी शाखा की चौथी कक्षा में पढऩे वाला नौ वर्षीय रेहान प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह स्कूल गया था। स्कूल टीचर उपकार ने बताया कि एसआईआर अभियान में दो महिला टीचरों की ड्यूटी लगी होने के कारण स्कूल में केवल दो टीचर ही मौजूद थे। सुबह स्कूल लगने के बाद वह दूसरे कक्षा में थे, जबकि महिला टीचर सहायक कर्मचारी के साथ बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार कर रही थीं। इसी दौरान चौथी कक्षा में पढऩे वाला नौ वर्षीय रेहान कुछ बच्चों के साथ स्कूल के मुख्य गेट के पास खड़ा था। कुछ देर बाद वह अन्य बच्चों के साथ स्कूल परिसर से बाहर निकल गया। स्कूल के पास ही एक खाली प्लॉट में बरसात के पानी से भरा गहरा गड्ढा है। बताया जा रहा है कि रेहान नहाने के लिए गड्ढे में उतर गया और अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर स्कूल में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही टीचर मौके की ओर दौड़े, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बच्चे को पानी से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story