फरीदाबाद : फोन छीनकर खाते से निकाली नकदी, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : फोन छीनकर खाते से निकाली नकदी, दो आरोपित गिरफ्तार


फरीदाबाद, 04 फरवरी (हि.स.)। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने फोन स्नैचिंग कर खाते से पैसे निकालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान नीरज उर्फ नीटू निवासी गांव बादशाहपुर, फरीदाबाद तथा सूरज उर्फ काला निवासी गांव चुन्दिका, जिला नूंह, हाल निवासी गांव बादशाहपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि रमेश भगत, निवासी भारत कॉलोनी, फरीदाबाद ने पुलिस चौकी सेक्टर-11 में शिकायत दी कि पिछले दिनों खाटू श्याम मंदिर, सेक्टर-20बी के पास एक युवक उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। बाद में उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से 91 हजार रुपये निकाल लिये गये। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सूरज ने शिकायतकर्ता से मोबाइल छीना और थोड़ी दूरी पर खड़े अपने साथी नीरज के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया। इसके बाद दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मोबाइल फोन के माध्यम से यूपीआई का उपयोग कर खाते से 91 हजार रुपये निकाल लिये। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ हेतु छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story