फरीदाबाद : केजीपी पर चलती कार में किया स्टंट, 14 हजार का चालान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : केजीपी पर चलती कार में किया स्टंट, 14 हजार का चालान


सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो हरकत में आई पुलिस

फरीदाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। गांव छांयसा के पास कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे पर चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना एक युवक को महंगा पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान कर दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली हरकतें बिल्कुल न करें। जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक सेंट्रो कार केजीपी एक्सप्रेसवे पर चलती हुई दिखाई दे रही है। कार में बड़ी मात्रा में सब्जियां भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि कार में जगह नहीं बची थी, इसलिए एक युवक कार की छत पर बैठकर सफर कर रहा था। उसी समय पीछे चल रहे एक अन्य वाहन ड्राइवर ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो ट्रैफिक पुलिस के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में वाहन की पहचान होने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न नियमों के उल्लंघन के तहत वाहन मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान किया। चालान में यातायात नियमों की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना बेहद खतरनाक होता है। थोड़ी सी लापरवाही या अचानक ब्रेक लगने पर बड़ा हादसा हो सकता है। इससे वाहन में बैठे व्यक्ति के साथ-साथ सडक़ पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story