फरीदाबाद : ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, खाताधारक सहित पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, खाताधारक सहित पांच गिरफ्तार


फरीदाबाद, 13 मार्च (हि.स.)। ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर साढ़े 91 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने खाताधारक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में एनआईटी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फेसबुक पर एक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई। फिर उनकी व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। कथित व्यक्ति ने उसको ट्रेडिंग इनवेस्टमेंट के बारे में बताया और अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और उसका एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने उनके द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में ट्रेडिंग के नाम पर कुल 91 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसको न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। इस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाइ करते हुए गुजरात निवासी निकुंज माकडिया, मोरवी, मिलन, आशीष तथा राजस्थान निवासी लुंभाराम व पुरखाराम को गिरफ्तार किया। आरोपितों से पूछताछ में सामने आया कि लुंभाराम और पुरखाराम दोनों आरोपी आशीष के पास मोरवी में कारपेंटर का काम करते थे। आशीष ने उनसे पैन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज लेकर अपने साथी मिलन को दे दिये। आरोपी मिलन, जोकि एक्सिस बैंक में कार्यरत है, ने इन दस्तावेजों के आधार पर लुंभाराम और पुरखाराम के बैंक खाते खुलवाए और अपने साथी निकुंज की मदद से इन खातों को आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवा दिया। खातों में ठगी के करीब 30 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी लुंभाराम, पुरखाराम और आशीष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि मिलन और निकुंज को पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story