फरीदाबाद : ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी सुमित(21) व मनवेंद्र(22) के रुप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को आज अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार एस.जी.एम नगर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी अपनी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उसकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज आया। जिन्होंने बताया कि वे ग्लोबल प्राइम ट्रेड का काम करते है और लोगों के पैसे को ग्लोबल ट्रेड में लगवाते है और उसका मोटा मुनाफा दिलाते है। फिर उसके मोबाईल पर एक लिंक भेजा जिसमें शिकायतकर्ता ने अपनी सारी डिटेल्स भर दी, फिर एक गु्रप पर उसका एक अकाउंट खोल दिया और उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में ऐड किया। जिसके बाद ठगो के कहने पर शिकायतकर्ता ने ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने के लालच में अलग-अलग खाता में कुल 54 लाख 85 हजार रुपए भेज दिये। जिसके बाद उसे कोई पैसा वापस नही मिला। जिस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित सुमित विदेश में बैठे ठगो के साथ संपर्क में था। जिनके कहने पर सुमित ने मनविंद्र को नवीन(खाताधारक) के पास दिल्ली के एक होटल में भेजा था। जहां बैठकर उन्होंने खाता का एक्सेस टेलीग्राम के जरिये विदेश में बैठे ठगो को दिया था। मनविंद्र बीसीए व आईटीआई पास व सुमित 12वीं पास है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

