फरीदाबाद : युवक ने इको गाड़ी की सीट बेल्ट से फंदा लगाकर दी जान
फरीदाबाद, 17 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के तिगांव इलाके में एक 26 वर्षीय युवक द्वारा अपनी इको गाड़ी के अंदर कथित रूप से आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक का शव नीमका गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के पास खड़ी उसकी इको गाड़ी में मिला। मृतक की पहचान भैंसरावली गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रेलवे लाइन के पास से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर सडक़ किनारे खड़ी एक इको गाड़ी पर पड़ी। जब उन्होंने गाड़ी के अंदर देखा, तो ड्राइवर सीट पर बैठे युवक का गला सीट बेल्ट से फंदे की तरह फंसा हुआ था। युवक किसी प्रकार की हरकत नहीं कर रहा था। इसके बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो भैंसरावली गांव का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप गुरुवार दोपहर अपनी श्वष्टह्र गाड़ी लेकर घर से निकला था। वह रात तक वापस नहीं लौटा, जिससे परिवार के लोगों को उसकी चिंता होने लगी। गुरुवार सुबह उसकी गाड़ी नीमका गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे खड़ी मिली, जहां वह मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस के अनुसार संदीप शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। वह अपनी श्वष्टह्र गाड़ी से निजी स्कूल के बच्चों को घर से स्कूल और स्कूल से घर छोडऩे का काम करता था। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन भी उसने अपने नियमित काम के तहत बच्चों को उनके घर छोड़ा था। इसके बाद वह कुछ समय के लिए घर आया और फिर अपनी गाड़ी लेकर कहीं चला गया। इसके बाद वह पूरी रात घर वापस नहीं लौटा। सुबह उसके शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग सिविल अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संदीप पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चल रहा था। हालांकि वह किस बात को लेकर परेशान था और उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी प्रकार की साजिश या अन्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई नई जानकारी सामने आती है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

