फरीदाबाद : मानसिक रुप से परेशान ठेकेदार से फांसी लगाकर जान दी
फरीदाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। बल्लभगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। एक मामले में आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे एक ठेकेदार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरे मामले में अनाज मंडी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मामलों की जांच थाना आदर्श नगर पुलिस कर रही है। पहला मामला बल्लभगढ़ के सेक्टर-4 स्थित पटेल नगर का है। गुरुवार को यहां रहने वाला किशोर, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था, ठेकेदारी का काम करता था। परिजनों के अनुसार किशोर पिछले तीन दिनों से घर नहीं लौटा था, जिससे परिवार के लोग काफी चिंतित थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से किशोर को मजदूरों को पैसे देने में परेशानी हो रही थी और वह आर्थिक तनाव में था। बुधवार की शाम को परिजनों ने उससे संपर्क करने के लिए फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। गुरुवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि सेक्टर-65 में मकान नंबर 2784, जो कि निर्माणाधीन है, वहां दो दीवारों के बीच बांस की बल्ली लगाकर किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना आदर्श नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक किशोर अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दूसरा मामला भी थाना आदर्श नगर क्षेत्र का है। गुरुवार सुबह पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली कि अनाज मंडी के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक व्यक्ति भीख मांगकर अपना गुजारा करता था। उसकी उम्र करीब 40 से 45 साल के बीच बताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और आसपास के इलाकों में उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

