फरीदाबाद : 11वीं की छात्रा ने स्कूल की छत से लगाई छलांग, हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 01 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में गाजीपुर रोड स्थित डबुआ कॉलोनी नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को 11वीं क्लास की स्टूडेंट ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। स्कूल स्टाफ छात्रा को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। 16 वर्षीय छात्रा जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को करीब चार घंटे तक पनिशमेंट के तौर पर क्लासरूम से बाहर खड़ा किया गया था। इस दौरान उनकी बेटी काफी आहत हुई और बाद में वह स्कूल की छत पर पहुंच गई। इसके बाद उसने छत से नीचे छलांग लगा दी।

जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक टीचर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कक्षा में छात्राओं के बीच आपस में झगड़ा हुआ था। आरोप है कि झगड़े में उनकी बेटी की कोई गलती नहीं थी, इसके बावजूद उसे सजा दी गई। पिता का आरोप है कि जानवी को करीब चार घंटे तक धूप में खड़ा रखा गया। इससे वह काफी आहत थी और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। स्कूल प्रिंसिपल आरपी शर्मा ने छात्रा को सजा देने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि जानवी को किसी तरह की सजा नहीं दी गई थी। प्रधानाचार्य के अनुसार, जानवी कक्षा में वॉशरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी। इसके बाद वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। घटना के बाद स्कूल में मौजूद स्टाफ और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सिविल अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस छात्रा के परिजनों और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा को किस वजह से पनिशमेंट दी गई थी और उसे कितनी देर तक क्लासरूम से बाहर रखा गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story