फरीदाबाद : ऑपरेशन स्माइल चलाकर भीख मांगने वाले छह बच्चों को किया रेस्क्यू
फरीदाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा पुलिस द्वारा गुमशुदा बच्चों, महिलाओं, पुरुषों की तलाश व बच्चों के पुनर्वास के लिए ‘ऑपरेशन स्माइल’ के नाम से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फरीदाबाद पुलिस की किडनैपिंग एंड एबडक्शन टीम द्वारा अभियान के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए भीख मांगने वाले छह बच्चों को रेस्क्यू किया है, साथ ही मानसिक रूप से क्षुब्ध एक छह वर्षीय गुमशुदा बच्ची को तलाश कर परिजनों के हवाले किया है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि फरीदाबाद पुलिस की किडनैपिंग एंड एबडक्शन टीम ने सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क के पास से छह नाबालिग बच्चों को भीख मांगते हुए रेस्क्यू किया है। टीम ने सभी बच्चों की जानकारी लेकर उनका मेडिकल परीक्षण करवाया तथा उन्हें बाल कल्याण समिति फरीदाबाद के चेयरपर्सन के समक्ष पेश कर सभी बच्चों की काउंसलिंग कराई। बाल कल्याण समिति ने बच्चों के परिजनों को उचित हिदायत दी कि बच्चों से भीख न मंगवाई जाये तथा उन्हें शिक्षा प्रदान करवाई जाये। इसके आतिरिक्त दयाल नगर फरीदाबाद की रहने वाली एक छह वर्षीय बच्ची की गुमशुदगी के संबंध कैट ने बच्ची के परिजनों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर तलाशी अभियान शुरू किया। जानकारी से सामने आया कि बच्ची मानसिक रूप से पीडि़त है तथा बोलने में असमर्थ है और गली में खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। जिस पर टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पूछताछ की गई। इसके साथ ही दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न एनजीओ, बाल कल्याण समितियों एवं आश्रमों से संपर्क स्थापित कर जानकारी जुटाई गई। लगातार प्रयासों के दौरान टीम को सूरजकुंड स्थित एक चैरिटेबल सोसायटी में बच्ची के होने का सुराग मिला। जिस पर टीम ने परिजनों से बच्ची की पहचान कराकर बच्ची को सकुशल परिजनों के हवाले किया गया। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

