फरीदाबाद की बेटी सृष्टि ने सीजेआई सूर्यकांत को बांधी राखी
फरीदाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। औद्योगिक नगरी की बेटी सृष्टि गुलाटी ने चीफ जस्टिस आफ इंडिया सूर्यकांत को राखी बांधी है। सृष्टि ने राखी बांधने के बाद सीजेआई को श्रीमद्भगवद्गीता और राष्ट्रध्वज भेंट किया। राखी बांधने के बाद सीजेआई सूर्यकान्त ने सृष्टी गुलाटी को आशीर्वाद दिया। सृष्टि के लिए यह मुलाकात केवल एक यादगार तस्वीर नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव है जिसे वह जीवनभर अपने साथ संजोकर रखेगी।
गौरतलब है कि फरीदाबाद की बेटी सृष्टि ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कर लिया है। जवाहर कॉलोनी फरीदाबाद की रहने वाली तीन साल आठ माह की सृष्टि देश की सबसे कम उम्र की रिकॉर्ड गर्ल बन गई है। उसने इतनी कम उम्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं में 66 सर्टिफिकेट, 18 अवार्ड, नौ ट्रॉफी और सात मेडल अपने नाम करने का रिकार्ड है। इनके पिता प्रवीण गुलाटी निजी कंपनी में टेक्निकल ऑपरेटर हैं और मां प्रिया गुलाटी हाउस वाइफ। उन्हें इस बात का गर्व हो रहा है कि फरीदाबाद की बेटी ने देशभर में शहर का नाम रोशन किया है। प्रवीण ने बताया कि बेटी सृष्टि अच्छे बाल कलाकार के रूप में मार्च 2017 सेक्टर 52 स्थित किड्स केन स्कूल में आयोजित फोटो प्रतियोगिता में भाग लेकर फेस ऑफ फरीदाबाद की विजेता रही है। 13 जनवरी 2016 को जन्मी सृष्टि गुलाटी ने महज तीन साल छह महीने आठ दिन में सबसे अधिक सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाली लडक़ी का रिकॉर्ड बनाया है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड ने सृष्टि को सबसे कम उम्र में इतने अधिक सर्टिफिकेट पाने पर अपना नाम रिकॉर्ड में दर्ज किया है।
सृष्टि के पिता प्रवीण गुलाटी ने कहा कि राखी बांधने की इस पहल में एक खूबसूरत संदेश छिपा है। हमारे देश की नई पीढ़ी केवल अपने अधिकारों के बारे में ही नहीं, बल्कि कर्तव्य, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में भी सोच रही है। नन्ही बेटी के हाथों की राखी और देश के मुख्य न्यायाधीश का आशीर्वाद यह दृश्य भारतीय संस्कृति, स्नेह और राष्ट्रप्रेम की तस्वीर बन गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

