फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरने से बिहार के दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरने से बिहार के दो युवकों की मौत


फरीदाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। बल्लभगढ़ के शहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चावला कॉलोनी हाईवे स्थित सोहना टी-पॉइंट के पास एक बंद दुकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय दुकान बंद थी, लेकिन छज्जे के नीचे खड़े दो युवक मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, अहिरवाड़ा निवासी राहुल की इस दुकान पर पेप्सी, चाय और अन्य सामान बेचा जाता है। दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। बुधवार सुबह दो युवक दुकान के बाहर छज्जे के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक छज्जा गिर गया और दोनों युवक उसके मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों युवकों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अमरजीत और संतोष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी थे और बल्लभगढ़ के जीवन नगर में किराए पर रहकर काम करते थे। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हुई बारिश और दुकान के पुराने व जर्जर छज्जे के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story