फरीदाबाद : सेक्सटॉर्शन गिरोह का पर्दाफाश, नाबालिग समेत तीन काबू

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : सेक्सटॉर्शन गिरोह का पर्दाफाश, नाबालिग समेत तीन काबू


फरीदाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग सहित तीन लोगों को काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, चार फर्जी सिम कार्ड, महिलाओं के नाम से बनाए गए फर्जी सोशल मीडिया एवं जी-मेल अकाउंट, अश्लील वीडियो तथा चैटिंग से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि साइबर थाना एनआईटी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आसिफ उर्फ भस्सू निवासी कैथवाड़ा, जिला डीग (राजस्थान), उसका साला अमान निवासी जमाई कॉलोनी, फरीदाबाद तथा एक अन्य नाबालिग मिलकर सेक्सटॉर्शन के माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत जमाई कॉलोनी क्षेत्र में छापेमारी की और तीनों को काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर महिलाओं के नाम से नकली प्रोफाइल बनाते थे। इन प्रोफाइलों पर युवतियों की तस्वीरें लगाकर लोगों से दोस्ती करते और फिर बातचीत का सिलसिला शुरू कर वीडियो कॉल करते थे। वीडियो कॉल के दौरान वे पहले से डाउनलोड की गई अश्लील वीडियो चलाकर सामने वाले व्यक्ति को यह विश्वास दिलाते थे कि वास्तविक महिला उससे बात कर रही है। इसके बाद आरोपी स्क्रीन रिकॉर्डर की मदद से पीडि़त की वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, चार फर्जी सिम कार्ड, महिलाओं के नाम से संचालित फर्जी सोशल मीडिया एवं जी-मेल अकाउंट, अश्लील वीडियो और चैटिंग का रिकॉर्ड बरामद किया है। बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिससे अन्य पीडि़तों, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ भस्सू को आज अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि गिरोह के नेटवर्क, साइबर ठगी से अर्जित रकम तथा अन्य सहयोगियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा सके। वहीं आरोपी अमान को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है तथा नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story