फरीदाबाद : सीवर सफाई के दौरान सफाईकर्मी की मौत
फरीदाबाद, 11 जून (हि.स.)। सेक्टर-19 में गुरुवार सुबह सीवर में सफाई करने उतरे सफाईकर्मी की दम घुटने से मौत हो गई। मृतक सफाईकर्मी की पहचान जोगिंदर के रूप में हुई है और वह पलवल के गांव मित्ररोल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-19 स्थित सांझा चूल्हा के पास आज सुबह ही जोगिंदर जो नगर निगम का सफाईकर्मी है, सीवर की सफाई के लिए उतरा था। सफाई के दौरान ही उसकी मौत हो गई। आरोप है कि वह बिना सेफ्टी उपकरण सीवर में उतरा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और सीवर से जोगिंदर का शव निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सेक्टर-19 में सीवर की सफाई करते वक्त हुई कर्मचारी की मौत के मामले में कर्मचारी यूनियन के नेता बीके अस्पताल पहुंचे हैं। यूनियन ने आरोप लगाया कि 1 घंटे बाद कर्मचारी का शव लाइन से बाहर निकाला गया, अगर समय पर ही सेफ्टी उपकरण ले जाते तो उसको बचाया जा सकता था। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी जीवन नगर गौंछी में सीवरेज गैस की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद एक बार फिर से सीवर सफाई के दौरान सेफ्टी उपकरणों की उपयोगिता पर सवाल उठने लगे है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

