फरीदाबाद : महिला के पेट से निकाला सात किलो का ट्यूमर

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : महिला के पेट से निकाला सात किलो का ट्यूमर


फरीदाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद में एक महिला को पेट का लगातार बढ़ता आकार और कब्ज जैसी समस्या को सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ गया। जांच में पता चला कि उनके गर्भाशय और अंडाशय के बीच 41 सेंटीमीटर का करीब 7 किलोग्राम वजनी विशाल ट्यूमर विकसित हो गया था। चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर महिला को नया जीवन दिया। फरीदाबाद के मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स के डॉक्टरों के अनुसार, जब महिला मरीज (44) अस्पताल पहुंचीं तब तक उनका पेट सामान्य आकार से करीब चार गुना तक बढ़ चुका था। जांच में सामने आया कि विशाल ट्यूमर यूरेटर (मूत्रवाहिनी) और आंतों पर भी गंभीर दबाव बना रहा था, जिससे स्थिति लगातार जटिल होती जा रही थी। इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी के लिए प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की निदेशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. निशा कपूर के नेतृत्व में मल्टीडिसिप्लिनरी टीम गठित की गई। टीम में डॉ. सचिन मित्तल, डॉ. बीरबल कुमार, डॉ. कनिका और डॉ. अपर्णा शामिल रहीं। करीब चार घंटे चली सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने अत्यंत सावधानी के साथ ट्यूमर को बिना फटे बाहर निकाला और रक्तस्राव को भी न्यूनतम रखा। डॉ. निशा कपूर ने बताया कि ट्यूमर के अत्यधिक बड़े आकार के कारण गर्भाशय और दोनों अंडाशय गंभीर रूप से प्रभावित हो चुके थे। फ्रोजन सेक्शन जांच में ट्यूमर की बॉर्डरलाइन प्रकृति सामने आने पर मरीज की सुरक्षा को देखते हुए गर्भाशय, दोनों अंडाशय, लिम्फ नोड्स और ओमेंटम को भी निकालना पड़ा। वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. बीरबल कुमार ने बताया कि ट्यूमर पूरे पेट की गुहा में फैल चुका था और आंतों समेत कई महत्वपूर्ण अंगों से चिपक गया था। सर्जरी के दौरान इन अंगों को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर को अलग करना सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसे विशेषज्ञों की टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया। रोबोटिक एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. सचिन मित्तल ने बताया कि इतने बड़े और जटिल ट्यूमर की सर्जरी के लिए पहले से विस्तृत योजना बनाई गई थी। सभी जांच रिपोर्टों का गहन अध्ययन कर संभावित जोखिमों का आकलन किया गया, जिससे पूरी सर्जरी सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story