फरीदाबाद में सेप्टिक-टैंक की जहरीली गैस से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद में सेप्टिक-टैंक की जहरीली गैस से महिला की मौत


फरीदाबाद, 26 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-8 के पास स्थित अनियमित कॉलोनी में सेप्टिक टैंक से निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अन्नू ने पति को बचाने के लिए बाथरूम में प्रवेश किया था, लेकिन कुछ ही देर में वह खुद भी गैस की चपेट में आ गई। छह दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, 20 सितंबर को अन्नू का पति सचिन बाथरूम में नहाने गया था। इसी दौरान उसे वहां से तेज दुर्गंध महसूस हुई। बाथरूम के एक कोने में सेप्टिक टैंक का मैनहोल बना हुआ था। सचिन ने जैसे ही उसे खोला, टैंक से निकली जहरीली गैस की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों के अनुसार, सचिन के गिरने की आवाज सुनकर पास के कमरे में मौजूद अन्नू बाथरूम में पहुंची। वहां उसने पति को बेहोश पड़ा देखा। अन्नू उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगी और वहीं उसे कपड़े पहनाने लगी। इसी दौरान वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गई और कुछ देर बाद घर में बेहोश होकर गिर पड़ी। हादसे के बाद परिवार और पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से पहले सचिन को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद अन्नू को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों का 20 सितंबर से उपचार चल रहा था। अन्नू की हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों की निगरानी में उसका लगातार इलाज किया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं सचिन का अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अन्नू अपने पति सचिन, ढाई साल के बेटे और सास-ससुर के साथ रहती थी। सचिन एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों के मुताबिक, दोनों की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। अन्नू की मौत के बाद परिवार के सामने छोटे बच्चे की जिम्मेदारी भी आ गई है। पुलिस के मुताबिक, महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह सेप्टिक टैंक से निकली जहरीली गैस को माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story