पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने में फरीदाबाद प्रदेश में दूसरे स्थान पर, 5043 वाहनों का पंजीकरण

WhatsApp Channel Join Now

ट्रकों की श्रेणी में जिला प्रदेशभर में पहले नंबर पर, गुरुग्राम से महज 393 वाहनों का अंतर

फरीदाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में पुराने कमर्शियल वाहनों को स्क्रैप कराने के लिए परिवहन विभाग के परिवर्तन पोर्टल पर हुए पंजीकरण में फरीदाबाद ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले में अब तक 5043 पुराने वाहनों का पंजीकरण हो चुका है। वहीं, 5436 वाहनों के साथ गुरुग्राम पहले स्थान पर है। दोनों जिलों के बीच केवल 393 वाहनों का अंतर है। इसके अलावा पलवल में 812 वाहनों का पंजीकरण किया गया है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, फरीदाबाद में पंजीकृत 5043 वाहनों में 4351 ट्रक और 692 बसें शामिल हैं। खास बात यह है कि ट्रकों के पंजीकरण में फरीदाबाद पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है। इनमें 338 छोटे, 158 मीडियम और 3855 भारी श्रेणी के ट्रक हैं। वहीं, बसों में 91 छोटी, 178 मीडियम और 423 भारी श्रेणी की हैं। दूसरी ओर गुरुग्राम में 4158 ट्रक और 1278 बसों का पंजीकरण हुआ है। इस तरह ट्रकों के मामले में फरीदाबाद आगे है, जबकि बसों के पंजीकरण में गुरुग्राम ने बढ़त बनाई हुई है। परिवहन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा की 14 अथॉरिटी में अब तक 21,246 से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें 15,225 ट्रक और 6021 बसें शामिल हैं। ट्रकों में 11,634 वाहन भारी श्रेणी के हैं। सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों को चरणबद्ध तरीके से सडक़ों से हटाना और उनके स्थान पर नए, कम प्रदूषण फैलाने वाले बीएस-वीआई तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करना है। आरटीए मुनीष कुमार के अनुसार, परिवर्तन यानी नया सफर योजना के तहत पुराने कमर्शियल वाहनों को स्क्रैप कराने के बाद नया वाहन खरीदने वाले पात्र वाहन मालिकों को कई तरह की आर्थिक सुविधाएं दी जा रही हैं। योजना में नए वाहन पर 10 साल तक मोटर वाहन कर में 100 प्रतिशत छूट और रजिस्ट्रेशन फीस की पूरी माफी का प्रावधान है। इसके अलावा पात्र वाहन लोन पर पांच साल तक पांच प्रतिशत ब्याज सहायता तथा एक्स-शोरूम कीमत पर कम से कम आठ प्रतिशत छूट भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बीएस-वीआई डीजल और सीएनजी वाहन खरीदने वालों को वाहन की श्रेणी के अनुसार पांच साल तक प्रतिमाह 1200 से 4800 रुपये तक के फ्यूल वाउचर दिए जाने का प्रावधान है। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 64 हजार रुपये से लेकर दो लाख 56 हजार रुपये तक की एकमुश्त आर्थिक सहायता मिल सकती है। योजना का उद्देश्य वाहन मालिकों को पुराने प्रदूषणकारी वाहनों के स्थान पर आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल वाहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story