फरीदाबाद : स्क्रैप गोदाम में चोरी के आरोप में मामा-भांजा गिरफ्तार
फरीदाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। स्क्रैप गोदाम से चोरी के मामले में पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी शाकिर तथा आबिद खान उर्फ रवि के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि लोकेश निवासी आर्य नगर, पलवल ने अपनी शिकायत में बताया कि नगला गुर्जन, बजरंग धर्म कांटा के पास, सोहना रोड स्थित उसका कॉपर स्क्रैप का गोदाम है। 15 मार्च को उसके गोदाम में 1170 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप आया था। 17 मार्च को जब उसने दोबारा माल की जांच की तो उसमें से लगभग 600 किलोग्राम स्क्रैप कम पाया गया। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आबिद गोदाम में ही कार्यरत था। उसने अपने मामा शाकिर के साथ मिलकर 15 और 16 मार्च को गोदाम से कॉपर स्क्रैप चोरी कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

